यूपी: 'मित्र पुलिस' का खौफनाक चेहरा, ब्लैकमेल कर लड़की को थाने की छत से फेंका
लखनऊ। उत्तम प्रदेश का दावा करने वाले उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की मित्र पुलिस का एक ऐसा चेहरा सामने आया है जिसकी उम्मीद दुश्मन से भी नहीं की जा सकती। बदायूं जिले में यूपी पुलिस के एक सिपाही की दरिंदगी सामने आई है। सिपाही ने एक छात्रा को पुलिस थाने की छत से नीचे फेंक दिया। इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की छानबीन की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक सिपाही छात्रा को कई दिनों से ब्लैकमेल कर रहा था। छात्रा ने जब सिपाही की बात नहीं मानी तो उसने उसे छत के नीचे फेंक दिया। छात्रा ने खुद इस बात की शिकायत पुलिस को लिखित तहरीर में दी है। छात्रा के घरवालों का कहना है कि छात्रा ट्यूशन के लिए गई थी। समय पर घर नहीं पहुंची तो खोजबीन शुरु हो गई। इसी बीच सूचना मिली कि छात्रा पुलिस स्टेशन के पीछे बेहोश पड़ी है।
घर वाले फौरन मौके पर पहुंचे और उसे अस्पताल ले गये। उल्लेखनीय है कि छात्रा 12 वीं कक्षा में पढ़ती है। मामला दर्ज करने के बाद सिपाही को हिरासत में ले लिया गया है। इस संबंध में आधिकारिक जानकारी देते हुए एसएसपी संतोष कुमार ने बताया कि छात्रा पंजाबी कालोनी की रहने वाली है। मामला शहर के उझानी थानाक्षेत्र का है। मामले की छानबीन की जा रही है।