कैश के लिए बैंक की कतार में खड़ी महिला ने दिया बच्चे को जन्म
कैश के लिए बैंक की कतार में करीब 4 घंटे खड़ी रही महिला ने बैंक के बाहर ही दिया बच्चे को जन्म।
कानपुर। नोटबंदी के बाद लोगों को कैश के लिए बैंकों की लाइन में खड़े रहना पड़ रहा हैं। बैंक के बाहर घंटों खड़े रहने के बाद आपका नंबर आता है। बुजुर्गों और महिलाओं को खासी मुश्किलें हो रही है। कानपुर देहात के झींझक गांव में महिला को भी कैश के लिए मुश्किलों का सामना करना पड़ा। दरअसल महिला गर्भवती थी, लेकिन घर में कैश नहीं थे, इसलिए उसे मजबूरी में बैंक की कतार में लगना पड़ा।
शुक्रवार की दोपहर नकदी निकालने के लिए मंगलपुर गांल की सर्वेशा नाम की महिला कतार में खड़ी हुई, लेकिन लंबे वक्त तक खड़े रहने की वजह से उसे प्रसव पीड़ा शुरु हो गई। कानपुर देहात के पुलिस अधीक्षक प्रभाकर चौधरी के मुताबिक महिला ने बैंक की कतार में ही बच्चे को जन्म दिया। बैंक के पास मौजूद महिलाओं ने उसकी मदद की, जिसके बाद पंजाब नेशनल बैंक की शाखा के भीतर उसे ले जाया गया।
जब पुलिस तक इस बात की जानकारी पहुंची तो उन्होंने फौरन जच्चा-बच्चा को अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस अधीक्षक के मुताबिक दोनों बिल्कुल स्वस्थ हैं। बैंक के बाहर मौजूद लोगों ने बैंक अधिकारियों पर आरोप लगाया कि उन्होंने महिला की मदद नहीं की। प्रसव पीड़ा के दौरान महिला ने बैंक अधिकारियों को इसकी जानकारी लेकिन वो मदद के लिए आगे नहीं आए। महिला 12 बजे कतार में खड़ी और 4 बजे तक खड़ी रही। जिसके बाद उसे प्रसव पीड़ा शुरु हो गया। हलांकि दोनों मां-बच्चे बिल्कुल स्वस्थ हैं।