वोटिंग अधिकार के बाद अब सऊदी अरब में महिलाएं लड़ेंगी चुनाव
रियाद। पिछले दिनों महिलाओं को वोट करने का अधिकार देने वाले सऊदी अरब में अब महिलाओं को चुनाव लड़ने की भी आजादी दे दी गई। यह इतिहास का पहला मौका है जब सऊदी अरब में महिलाएं वोट डालने के साथ ही चुनाव भी लड़ सकेंगी।
पिछले हफ्ते ही यहां पर दिसंबर में होने वाने निकाय चुनावों में महिलाओं को वोट डालने का अधिकार मिला है। ये दो नई खबरें शायद इस बात को बताने के लिए काफी हैं कि सऊदी अरब अब महिलाओं के प्रति अपने रुख में नरमी ला रहा है। आपको बता दें कि सऊदी अरब में महिलाओं पर ड्राइव करने से लेकर कई तरह की बंदिशें लागू हैं।
सऊदी अरब के एक न्यूजपेपर अल हयात की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक यहां पर करीब 12 महिलाओं ने दिसंबर में होने वाले निकाय चुनावों में चुनाव लड़ने की ख्वाहिश जाहिर की है।
उनकी इस ख्वाहिश का सम्मान करते हुए सऊदी अरब में इन उम्मीदवारों का रजिस्ट्रेशन शुरू किया गया है। यह रजिस्ट्रेशन 17 सितंबर तक चलेगा। वोटर्स के रजिस्ट्रेशन 14 सितंबर तक होंगे।
अल हयात के मुताबिक सऊदी अरब में 284 म्यूनिसिपल कम्यूनिटीज हैं जिनमें करीब 1263 पोलिंग बूथ्स हैं। इन 1263 में से 424 को महिलाओं के लिए रिजर्व किया गया है।
सऊदी के किंग अब्दुल्ला ने वर्ष 2011 में महिलाओं को वोट डालने और चुनाव लड़ने की मंजूरी दी थी। हालांकि सऊदी अरब के कुछ कट्टरपंथी इस फैसले का विरोध करने लगे हैं।