दो घंटे तक चली पुतिन-ट्रंप की पहली मुलाकात, मेलानिया भी नहीं कर सकीं कुछ
हैम्बर्ग। जर्मनी के हैम्बर्ग में जी-20 सम्मेलन का समापन हो गया। इस सम्मेलन में कई मुद्दों से अलग अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूस के राष्ट्रपति ब्लादीमिर पुतिन की मुलाकात पर सबकी नजरें टिकी थीं। शुक्रवार को दोनों नेताओं की मुलाकात भी हुई और यह मुलाकात इतनी लंबी खिंच गई कि इसे मेलानिया ट्रंप भी नहीं खत्म करा पाईं।
मेलानिया भी लौटीं खाली हाथ
डेली मेल की एक रिपोर्ट के मुताबिक ट्रंप और पुतिन दोनों पहली बार मिले। दोनों नेताओं के बीच यह पहली मुलाकात दो घंटे से भी ज्यादा समय तक खिंच गई। मुलाकात जल्दी खत्म हो इसके लिए फर्स्ट लेडी और ट्रंप की पत्नी मेलानिया की मदद ली गई। लेकिन मेलानिया को भी असफलता हाथ लगी और वह दोनों की मुलाकात खत्म कराने में सफल नहीं हो पाईं। अमेरिकी विदेश सचिव रेक्स टिलीरसन ने जानकारी दी कि राष्ट्रपति ट्रंप और पुतिन के बीच पहली मीटिंग काफी अच्छी थी और दोनों नेताओं की मैजिकल केमेस्ट्री का ही नतीजा है कि मीटिंग दो घंटे तक खिंच गई। उनकी मानें तो दोनों नेता बातचीत बंद ही नहीं करना चाहते थे।
दोनों देशों के बीच अच्छे रिश्तों की वकालत
ट्रंप और पुतिन ने पहली बार शुक्रवार को हाथ मिलाया। टेलीग्राफ के मुताबिक दोनों नेताओं ने मुलाकात में सीरिया से जुड़ा नया युद्धविराम समझौता साइन किया। इसके अलावा अमेरिकी राष्ट्रपति चुनावों में रूस के हस्तक्षेप पर भी चर्चा हुई। मुलाकात से पहले ट्रंप ने पुतिन के साथ मीटिंग को अपने लिए सम्मान बताया। वहीं रूस के विदेश मंत्री सर्गेइ लावरोव ने कहा ट्रंप ने पुतिन की उस बात को भी सुना जिसमें उन्होंने कहा था कि रूस ने अमेरिकी चुनावों को हैक नहीं किया। लावरोव ने दावा किया ट्रंप ने पुतिन की बात मान ली है। पुतिन और ट्रंप दोनों इस बात पर रजामंद हुए हैं कि अब दोनों महाशक्तियों के बीच अच्छे रिश्ते होने चाहिए।