Weather Report: दिल्ली, यूपी, एमपी में निकली धूप, लोगों को राहत
नई दिल्ली| दिल्ली में शनिवार सुबह सुहावनी रही और न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 6.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने दिन में आसमान साफ रहने का अनुमान जताया है।
आईये जानते हैं दिल्ली के आस-पास के राज्यों के मौसम का हाल...
उप्र में धूप, तापमान में वृद्धि
लखनऊ| राजधानी लखनऊ तथा अधिकांश इलाकों में शनिवार सुबह से ही धूप खिली हुई है। धूप निकलने से लोगों को ठंड से राहत मिली है। तेज हवाएं चलने की वजह से हालांकि अब भी दिन में ठंड का अहसास हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार धूप निकलने से तापमान में वृद्घि दर्ज की जाएगी। उप्र मौसम विभाग के निदेशक जे.पी. गुप्ता के मुताबिक, दिन में धूप निकलेगी, लेकिन सर्द हवाओं की वजह से ठंड का अहसास होगा। दिन में मौसम पूरी तरह से साफ रहेगा।
मप्र में तेज धूप, ठिठुरन बरकरार
भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल सहित राज्य के कई अन्य कई हिस्सों में शनिवार सुबह तेज धूप रही। सर्द हवाएं चलने से ठिठुरन बरकरार है। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों में शीतलहर के साथ कोहरे का असर बने रहने की आशंका जताई है।
दिल्ली में सर्द सुबह, दिन में रहेगी धूप
नई दिल्ली| दिल्ली में सुबह के समय हल्की धुंध छाई रही, लेकिन दोपहर में मौसम साफ रहेगा। दिन का अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। सुबह 8.30 बजे वातावरण में 76 प्रतिशत आद्र्रता दर्ज की गई, जबकि दृश्यता 1,000 मीटर तक दर्ज की गई।
बिहार में मौसम साफ
पटना। पटना तथा इसके आसपास के क्षेत्रों में भी धूप निकलने से लोगों को ठंड से राहत मिली है। तेज हवाएं चलने की वजह से हालांकि अब भी दिन में ठंड का अहसास हो रहा है।
हिमाचल प्रदेश
शिमला। शनिवार को राजधानी में धूप निकलने की संभावना है जिसके कारण लोगों को राहत मिल सकती है लेकिन हवाएं तेज रहेंगी।