मणिपुर में 10 बच्चों को जन्म देने वाली महिलाओं को मिला सम्मान
मणिपुर में ऐसी तीन महिलाओं को सम्मानित किया गया है, जिन्होंने 10 बच्चों को जन्म दिया है।
इंफाल। हमारी सरकार बढ़ती जनसंख्या को लेकर चिंतित है। सरकार लोगों को कम से कम बच्चे पैदा करने के लिए प्रोत्साहित कर रही है। हम दो हमारे एक को बढ़ावा दिया जा रहा है, लेकिन आपको जानकर हैरानी होगी की भारत का एक राज्य ऐसा भी है, जहां अधिक से अधिक बच्चों को जन्म देने वाली महिलाओं को सम्मानित किया जाता है।
मणिपुर में ऐसी तीन महिलाओं को सम्मानित किया गया है, जिन्होंने 10 बच्चों को जन्म दिया है। राज्य के एक समूह ने इन महिलाओं को सम्मानित और पुरस्कृत किया है। मणिपुर मेइतेई समुदाय अपनी घटती जनसंख्या से बेहद परेशान है और इसी वजह से वो पिछले चार सालों से ऐसी महिलाओं को प्रोत्साहित करता है जो ज्यादा से ज्यादा बच्चों को जन्म देती हैं।
सोमवार को इस कार्यक्रम में 41 साल की टी. सुमति, 55 साल की एन. मलिका और 40 साल की एस इनाक्कुनबी को सम्मानित किया गया। तीनों महिलाओं को 10,000 रुपये नगद और प्रमाणपत्र दिए गए। ऐसा करने के पीछे इस संस्था का मकसद है कि बाकी महिलाएं इनसे प्रभावित हो और ज्यादा बच्चों को जन्म दे।
दरअसल यह संगठन मणिपुर की महिलाओं को ज्यादा से ज्यादा बच्चों को जन्म देने के लिए प्रेरित करता है। मेइतेई समुदाय समुदाय के लोगों का मानना है कि गैर-स्थानीय आबादी ने स्थानीय आबादी को पछाड़ दिया है। जो उनके लिए अच्छा नहीं है। गैर स्थानीय आबादी उनपर हावी न हो जाएं इसके लिए वो अपनी आबादी बढ़ा रहे हैं।