सियाचिन के 19 बहादुरों को पीएम मोदी ने किया नमन
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्ष 2014 में दुनिया के हाइएस्ट वॉर जोन सियाचिन गए थे और यहां पर उन्होंने भारतीय सेना के जांबाजों के साथ अपनी दिपावली मनाई थी। शुक्रवार को जब सियाचिन में हिमस्खलन के बाद 10 जवानों के शहीद होने की खबरें आई तो पीएम मोदी ने इन्हें अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
सियाचिन ग्लेशियर के पास एक आर्मी पोस्ट के हिमस्खलन की चपेट में आने से उसमें दबे एक जेसीओ सहित 10 सैनिकों के शहीद होने की पुष्टि गुरुवार को हो गई। सेना और भारतीय वायु सेना के अधिकारियों के लाख प्रयासों के बाद भी इन्हें बचाया नहीं जा सका। ये सभी जवान मद्रास रेजीमेंट के थे।
उनके मारे जाने की आशंका की पुष्टि करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा, ‘सियाचिन में सैनिकों का मारा जाना दुखद है। मैं उन वीर सैनिकों को सलाम करता हूं जिन्होंने देश के लिए प्राण दिए। उनके परिवारों के प्रति संवेदनाएं।'
नॉर्दन कमांड के आर्मी कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल डी. एस. हुड्डा ने अपने एक संदेश में कहा,‘यह दुखद हादसा है और हम उन सैनिकों को सलाम करते हैं जिन्होंने सभी चुनौतियों को झेलते हुए हमारी सीमाओं की रक्षा की और ड्यूटी के दौरान सर्वोच्च बलिदान दिया।'
आपको बता दें कि पाकिस्तान ने भी इसमें मदद की पेशकश की थी लेकिन भारत ने मदद को लेने से साफ इंकार कर दिया था। पाक ने मदद की पेशकश हादसा होने के 30 घंटे बाद की थी।