विकास बराला की गिरफ्तारी पर बोले वर्णिका के पिता, असली न्याय मिलना बाकी
वर्णिका के पिता वीरेंद्र सिंह कुंडू ने कहा कि केवल गिरफ्तारी से काम नहीं चलेगा पुलिस को कोर्ट से विकास बराला को सजा दिलवानी होगी।
नई दिल्ली। वर्णिका छेड़छाड़ केस में विकास बराला की गिरफ्तारी पर वर्णिका के पिता वीरेंद्र सिंह कुंडू ने खुशी जाहिर की है और कहा है कि अब इस मामले की जांच सही तरीके से हो पाएगी। साथ ही उन्होंने कहा कि केवल आरोपियों की गिरफ्तारी से न्याय नहीं मिलेगा। इस मामले में अभी कोर्ट में लड़ाई लड़नी होगी जब कोर्ट आरोपियों को सजा देगी तब जाकर सही मायने में न्याय मिल पाएगा।
वर्णिका के पिता वीरेंद्र सिंह कुंडू ने कहा कि केवल गिरफ्तारी से काम नहीं चलेगा पुलिस को कोर्ट से विकास बराला को सजा दिलवानी होगी। तब जाकर सही मायने में न्याय मिल पाएगा। उन्होंने बताया कि इस मामले में उनके ऊपर अभी तक किसी तरह का पॉलिटिकल प्रेशर नहीं है। न्याय मिलने की उम्मीद जताते हुए उन्होंने कहा कि वह एक 'लंबी लड़ाई' लड़ने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह संघर्ष केवल कुछ दिनों का नहीं है और पूरे देश की इस मामले पर नजर है।
आपको बता दें कि हरियाणा स्थित चंडीगढ़ में भारतीय प्रशासनिक सेवक (IAS) की बेटी वर्तिका कुंडू के साथ छेड़छाड़ करने का आरोपी विकास बराला को सेक्टर 26 स्थित थाने में गिरफ्तार कर लिया गया। चंडीगढ़ के डीजीपी तेजेंदर लूथरा ने बताया कि विकास बराला और उसके दोस्त आशीष को पूछताछ के लिए बुलाया गया था। उनसे लंबी पूछताछ की गई। सेक्टर 26 थाने में पूछताछ के बाद उनकी गिरफ्तारी की गई है। चंडीगढ़ डीजीपी तेजेंदर लूथरा ने बताया कि विकास बराला और उसके दोस्त आशीष पर अपहरण की कोशिश का मामला भी दर्ज किया गया है। उन पर धारा 365 और धारा 511 जोड़ा गया है।