एक जुलाई को तैयार हो जाएंगे तेजस के 'फ्लाइंग डैगर्स'
बेंगलुरु। इंडियन एयरफोर्स के लिए जो सपना पिछले तीन दशकों से देखा जा रहा है, अब उसके सच होने की आखिरी घड़ी आ गई है। एक जुलाई 2016 को वह एतिहासिक दिन होगा जब तेजस की पहली स्क्वाड्रन तैयार होगी और इस स्कवाड्रन को बेंगलुरु में तैयार किया जा रहा है।

इस स्क्वाड्रन का नाम फ्लाइंग डैगर रखा गया है और इसके तैयार होने के साथ ही इंडियन एयरफोर्स का इंतजार भी खत्म हो गया है। एक जुलाई को इस मौके पर एक बेहद सादे समारोह में तेजस के पहले दो वर्जन एसपी-1 और एसपी-2 का प्रदर्शन होगा।
इस मौके पर ग्रुप कैप्टन एम रंगचारी तेजस की नई स्क्वाड्रन के पहले कमांडिंग ऑफिसर होंगे। एसपी-1 और एसपी-2 एक जुलाई को कार्यक्रम के दौरान एक सॉर्टी के जरिए अपनी ताकत का नमूना पेश करेंगे।
कार्यक्रम में हिंदुस्तान एरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) और एरोनॉटिकल डेवलपमेंट एजेंसी (एडीए) के अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। इंडियन एयरफोर्स के एक सीनियर ऑफिसर के मुताबिक सात ऑफिसर्स, 42 एयर वॉरियर्स और 11 एनसी को तेजस की स्क्वाड्रन के लिए पोस्ट किया गया है।
तेजस की यह स्क्वाड्रन शुरुआत के दो वर्षों तक बेंगलुरु में होगी। इसके बाद इसे तमिलनाडु के सलूर में स्थानांतरित कर दिया जाएगा।
एयरफोर्स अगले वर्ष मार्च तक स्क्वाड्रन में छह तेजस शामिल करने की तैयारी में है। तेजस पुराने पड़ चुके रशियन फाइटर जेट मिग-21 को रिप्लेस करेगा।












Click it and Unblock the Notifications