गोवा हादसा: पुल टूटने से 50 लोग नदी में गिरे, 15 को निकाला गया, गृहमंत्री ने सीएम पर्रिकर से बात
दक्षिणी गोवा के करचोरम में पुल टूटने से करीब 50 लोग नदी में गिर गए। घटनास्थल पर एक शख्स तो डर की वजह से नदी में ही कूद गया।
पणजी। दक्षिणी गोवा में एक पुल टूट जाने से बड़ी दुर्घटना हो गई है। यहां के करचोरम में स्थित एक पुल गिरने से 50 लोग नदी में गिर गए। अभी तक दो शव बरामद हुए हैं।
घटना के बाद राहत-बचाव कार्य जारी है। अभी तक 15 लोगों को निकाला गया है। रेस्क्यू किए गए लोगों में 5 लोगों की गंभीर हालत को देखते हुए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। राहत एवं बचाव कार्य के लिए नेवी की मदद ली जा रही है। मामले में केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने गोवा के मुख्यमंत्री पर्रिकर से बात की है और मामले की जानकारी ली है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार संवोरदम नदी पर स्थित यह पुल शाम के वक्त टूट गया। बताया जा रहा है कि हादसा उस समय हुआ जब पुलिस एक शख्स को बचाने की कोशिश कर रही थी। ये शख्स नदी में कूद गया था। पुलिस टीम उसे नदी से निकालने की कवायद में जुटी थी। उसी समय पुल गिर गया और करीब 50 लोग नदी में गिर गए।
हादसे के तुरंत बाद घटना स्थल पर इमरजेंसी और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां पहुंच गईं। रिपोर्ट के अनुसार कुछ लोग नदी में तैर पर किनारे पर आ गए, लेकिन बहुत से लोग नदी के बहाव के साथ ही बह गए। जानकारी के मुताबिक करीब 30 लोग लापता हैं।
जो लोग नदी में बह गए हैं, उन्हें बचाने की कोशिश की जा रही है। भारतीय नेवी ने भी ट्वीट के जरिए जानकारी दी है कि जेमिनी बोट के साथ 9 नेवी ड्राइवरों को हादसे वाली जगह पर भेजा गया है। उनके साथ जरूरी सामान भी रवाना किया गया है।
{promotion-urls}