गोवा और कर्नाटक के पार्टी प्रभारी पद से हटाए गए दिग्विजय सिंह
दिग्विजय सिंह की जगह पर ए. चेल्ला कुमार को गोवा में पार्टी प्रभारी नियुक्त किया है। वहीं कर्नाटक में पार्टी ने केसी वेणुगोपाल को राज्य इकाई का महासचिव नियुक्त किया है।
नई दिल्ली। बीते महीने गोवा में कांग्रेस के सबसे बड़ी पार्टी होने के बावजूद सरकार बना पाने में नाकाम रहने के बाद लगातार आलोचना झेल रहे दिग्विजय सिंह को गोवा और कर्नाटक के पार्टी प्रभारी पद से हटा दिया है। कांग्रेस ने दिग्विजय सिंह की जगह पर ए. चेल्ला कुमार को गोवा में पार्टी प्रभारी नियुक्त किया है। वहीं कर्नाटक में पार्टी ने केसी वेणुगोपाल को राज्य इकाई का महासचिव नियुक्त किया है।
गोवा के 40 सीटों वाली विधानसभा में कांग्रेस ने सबसे ज्यादा 17 सीटें जीती थीं। जबकि बीजेपी के खाते में 13 सीटें ही आई थी। प्रभारी रहते दिग्विजय सरकार बनाने के लिए बहुमत नहीं जुटा पाए जबकि भाजपा ने कम सीटें होने के बावजूद सरकार बना ली। इसके बाद गोवा के कांग्रेस नेताओं ने सीधे तौर पर दिग्विजय को इसके लिए जिम्मेदार कहा था।
दिग्विजय सिंह ने गोवा को लेकर कुछ गलतियों को स्वीकार भी किया था। 20 अप्रैल को उन्होंने ट्वीट कर कहा था कि चुनाव से पहले विजय सरदेसाई की पार्टी गोवा फॉर्वर्ड से गठबंधन नहीं कर पाना कांग्रेस के लिए बड़ी गलती साबित हुई। इसका खामियाजा पार्टी को भुगतना पड़ा।
{promotion-urls}