मॉडल बनने की थी चाहत, अपने ही घर में कर ली लाखों की चोरी
दिल्ली में मॉडल बनने की चाहत रखने वाली एक लड़की ने अपने ही घर वालों को चूना लगा दिया। हालांकि पुलिस की पड़ताल में सारा सच सामने आ गया।
नई दिल्ली। मॉडल बनने की ख्वाहिश रखने वाली लड़की ने अपने ही घर में चोरी कर डाली। मामला दिल्ली के उत्तरी जिला स्थित हर्ष विहार इलाके की है जहां 19 साल की लड़की मॉडल बनना चाहती थी जिसके लिए उसने अपने ही घर से जेवरात और नकदी की चोरी की। चोरी किए गए जेवरात और नकदी उसने अपने दो दोस्तों को दे दिया।
दिल्ली पुलिस ने इस मामले का खुलासा करते हुए लड़की समेत दो लड़कों गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने जानकारी दी कि आरोपियों में विकास और अक्षय शामिल है। पुलिस ने चोरी हुए जेवरात और नकदी बरामद कर लिए हैं।
क्षेत्र के डीसीप अजीत कुमार ने जानकारी दी कि यहां के हर्ष विहार इलाके में रहने वाले साहब सिंह ने 16 अप्रैल को चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। सिंह ने पुलिस को जानकारी दी थी कि 3 लाख रुपए के करीब नकदी और 15-20 तोले सोने के जेवरात चोरी हो गए हैं। सिंह के बयान पर पुलिस ने मामला दर्ज किया।
जांच में मिला सुराग
जांच में सुराग मिला कि इस चोरी में कोई ऐसा शख्स शामिल है जो सब कुछ जानता था। पुलिस को यह जानकारी भी हुई कि सिंह की 19 वर्षीय लड़की ने बीते दिनों 12 की परीक्षा भी दी है। जांच के दौरान पुलिस को विकास नाम के लड़के पर शक हुआ और जब उससे हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की तो उसने सब कुछ बता दिया।
विकास ने यह भी बताया कि सिंह की बेटी उनकी दोस्त है और वो मॉडल बनना चाहती है जिसके लिए उसे ढेर सारे पैसों की जरूरत थी लेकिन घर वाले उसकी मदद नहीं कर रहे थे।
पुलिस को विकास ने बताया कि लड़की ने उनसे मदद मांगी और फिर अपने ही घर में चोरी करने का प्लान बनाया। चोरी करने के बाद सारे जेवरात और नकदी विकास और अक्षय को दे दिया। जिसके बाद पुलिस ने अक्षय को भी गिरफ्तार किया।