नोटबंदी: सोने की कीमत 1 माह के बाद सुधरी, वहीं चांदी की कीमतों में भी हुआ सुधार
एक महीने बाद दिल्ली के सर्राफा बाजार में सोने की कीमतों में सबसे ज्यादा सुधार आया है। एक महीने बाद सोने की कीमतें एक उच्चतम स्तर पर पहुंच पाई हैं।
नई दिल्ली। एक महीने बाद दिल्ली के सर्राफा बाजार में सोने की कीमतों में सबसे ज्यादा सुधार आया है। एक महीने बाद सोने की कीमतें एक उच्चतम स्तर पर पहुंच पाई हैं। सोने की कीमतों में गुरुवार को 180 रुपए प्रति दस ग्राम तक की तेजी आई है। इसके बाद सोने की कीमत प्रति दस ग्राम 28,730 रुपए के स्तर पर पहुंच गई है। वहीं चांदी की कीमतों में 350 रुपए की तेजी आई है। इसके साथ ही चांदी की कीमत प्रति किलो 40,600 रुपए के स्तर पर पहुंच गई है। सर्राफा कारोबारियो के मुताबिक सोने की कीमतों में यह तेजी वैश्विक तेजी के कारण आई है। वैश्विक रूझानों के चलते चार हफ्ते बाद सोने की कीमत इस नए स्तर को छू पाई है जोकि नोटबंदी के बाद से लगातार नीचे जा रही थी। चांदी की कीमतों में तेजी की वजह इंडस्ट्रयिल यूनिटों और सिक्कों में होने वाली खपत को बताया जा रहा है। दुनिया भर में सोने की कीमतों में 0.9 फीसदी की तेजी आई है। इसके साथ ही वैश्विक स्तर पर सोना 1,173.51 प्रति औंस के स्तर पर पहुंच चुकी है। 99.9 कैरेट वाले सोने की कीमत 28,730 रुपए प्रति दस ग्राम और 99.5 कैरेट वाले सोने की कीमत 28,580 रुपए प्रति दस ग्राम के स्तर पर पहुंच गई है। नोटबंदी के फैसले के दिन सोने की कीमत प्रति दस ग्राम 28,710 रुपए थी। पिछले दो दिनों के अंदर सोने की कीमतों में 250 रुपए की तेजी आई है। वहीं आठ ग्राम सोने की कीमत में 24,200 रुपए के स्तर पर पहुंच गई है। वहीं 100 चांदी के सिक्कों की कीमत 72,000 रुपए के स्तर पर पहुंच गई है।