पेट्रोल पम्प के लेडीज टॉयलेट में लगाया CCTV, बनाई जाती थी अश्लील फिल्म
भोपाल। महिलाएं न तो घर में सुरक्षित है और न ही घर के बाहर। हर जगह लोगों की दरिंदगी भरी निगाहें उनका पीछा करती है। इस खबर को पढ़ने के बाद आप भी मान लेंगे कि महिलाएं कहीं भी सुरक्षित नहीं है। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से करीब 75 किलोमीटर दूर एक पेट्रोल पंप में ऐसा ही कुछ हुआ।
इस पेट्रोल पंप के लेडीज टॉयलेट में कैमरा लगाया गया था। शौचालय की दीवाल में सीसीटीवी कैमरा छुपाकर लगाया था। महिलाओं की अश्लील क्लिपिंग बनाई जाती थी। इस बात का खुलासा उस वक्त हुआ जब बीकॉम सेकेंड ईयर की एक छात्रा जब पेट्रोल पंप के टॉयलेट में गई तो वहां उसके मोबाइल नेटवर्क ने काम करना बंद कर दिया। इस बात से उसे शक हुआ। लड़की ने चारों तरफ देखा तो उसे वहां पर एक कैमरा लगा दिखाई दिया। उसने फौरन इस बात की सूचना अपने परिवारवालों को बताया।
लड़की की मां और उसके भाई ने टॉयलेट में आकर उस कैमरे को उखाड़ा। लड़कियों के घरवाले को ऐसा करते देख पेट्रोल पंप पर काम करने वाले कुछ कर्मचारियों ने भी विरोध किया। पीडि़त लड़की और परिवार का कहना है कि कैमरे से जुड़ी एक तार पास में ही एक कंप्यूटर तक जा रही थी। लड़की के घरवालों ने फौरन इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और उसने आरोपी को गिरफ्तार किया। पीड़िता ने ये भी बताया कि उसने वहां करीब 50 सिम कार्ड भी देखे थे। लड़की ने पुलिस से सुरक्षा की मांग की है।