महिन्द्रा सत्यम मध्य पूर्व और अफ्रीका में विस्तार करेगी
नई दिल्ली, 11 नवंबर (आईएएनएस)। सूचना प्रौद्योगिकी कम्पनी महिन्द्रा सत्यम ने गुरुवार को कहा कि उसका दुबई स्थित कार्यालय मध्यपूर्व और अफ्रीकी देशों में कारोबार को एकीकृत रूप में संचालित करने के लिए स्थानीय केंद्र के रूप में कार्य करेगा।
कम्पनी ने नियामक को दी जानकारी में कहा कि यह फैसला इन दोनों क्षेत्रों में सूचना प्रौद्योगिकी और व्यापार क्षेत्र में तेज विकास और नई परियोजनाएं शुरू करने की संभावनाओं को देखते हुए लिया गया है।
कम्पनी के मध्य पूर्व क्षेत्र प्रमुख मानवजीत चौधरी ने कहा कि कम्पनी अब मध्य पूर्व और उत्तरी अफ्रीका (एमईएनए) क्षेत्र में बड़ी भूमिका निभाएगी।
कम्पनी ने खाड़ी और उत्तरी अफ्रीका क्षेत्र में व्यापार प्रमुख के रूप में बॉबी गुप्ता को नियुक्त किया है और चितरंजन जेना को दक्षिण अफ्रीका में व्यापार प्रमुख बनाया गया है।
मध्यपूर्व, भारत और अफ्रीका क्षेत्र के वरिष्ठ उपाध्यक्ष दिलीप झा ने कहा, "पिछली छह तिमाहियों के मुश्किल समय में कम्पनी के मध्य पूर्व और अफ्रीकी कारोबार ने काफी लचीलापन और मजबूती दिखाई है और कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।