पुलिस विभाग में बंपर भर्ती, कांस्टेबल के 1073 पद खाली
अगर आप भी पुलिस विभाग में नौकरी पाने का सपना देख रहे हैं तो बंपर भर्तियां आपका इंतजार कर रही हैं।
शिमला। पुलिस भर्ती का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए खुशखबरी है। पुलिस विभाग में कांस्टेबल और ड्राइवर के 1073 पदों पर भर्ती के लिए ऑफलाइन फॉर्म जारी किए गए हैं। इन पदों के लिए आवेदन करने की अंतिम तारीख 21 जुलाई 2017 है, इसलिए बिना देरी किए इच्छुक युवा फॉर्म भरें। पदों के बारे में विस्तार से जानकारी नीचे दी गई है।
किसके लिए कितने पद
हिमाचल प्रदेश के पुलिस विभाग में कुल 1073 पदों के लिए भर्ती निकली है। इनमें 778 पद पुरुष कांस्टेबल, 100 पद पुरुष कांस्टेबल (ड्राइवर) और 195 पद महिला कांस्टेबल के लिए निर्धारित हैं। इन पदों के लिए शुरुआती वेतनमान 5910 से 20200 रुपए है, जबकि ग्रेड पे 1900 रुपए है। 8 वर्ष की रेगुलर सर्विस के बाद यह वेतनमान 10300 से 34800 रुपए (ग्रेड पे 3200 रुपए) हो जाएगा।
आवश्यक योग्यता
इन पदों के लिए आवश्यक शैक्षिक योग्यता मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं पास है। इसके अलावा पुलिस विभाग द्वारा निर्धारित आवश्यक शारीरिक योग्यता भी होनी चाहिए। पदों के लिए आयु 18 से 25 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आरक्षित वर्ग को नियमानुसार छूट दी गई है। ड्राइवर के पदों पर भर्ती के लिए आवेदक के पास वाहन चलाने का लाइसेंस होना जरूरी है।
अंतिम तिथि और आवेदन शुल्क
इन पदों के लिए अंतिम तिथि 21 जुलाई 2017 है। वहीं, पदों पर भर्ती के लिए आवेदन शुल्क, सामान्य वर्ग के लिए 140 रुपए और आरक्षित वर्ग के लिए 35 रुपए है। पदों पर चयन लिखित और शारीरिक परीक्षा के आधार पर किया जाएगा।
कैसे करें आवेदन
नौकरी के लिए इच्छुक युवा पुलिस विभाग की वेबसाइट hppolice.nic.in से फॉर्म डाउनलोड कर भरें और उसके साथ सभी जरूरी दस्तावेजों को संलग्न कर अपने जिले के एसएसपी कार्यालय पर स्वयं या डाक द्वारा भेज दें। आवेदक का नाम हिमाचल प्रदेश के रोजगार कार्यालय में भी दर्ज होना जरूरी है। फार्म 21 जुलाई 2017 को शाम 5 बजे तक पहुंच जाने चाहिएं।
ये भी पढ़ें- NSIC में सरकारी नौकरी का मौका, बड़े पदों पर भर्ती