Saturn Horoscope 2020: नौकरी में आशातीत लाभ होगा
सूर्य पंचायत में न्यायाधीश के पद पर सुशोभित शनिदेव माघ मास की मौनी अमावस्या 24 जनवरी 2020 को उत्तराषाढ़ा नक्षत्र, वज्र योग और मकर राशि के चंद्रमा की साक्षी में सुबह 10 बजे मकर राशि में प्रवेश करेंगे। शनि देव इस राशि में ढाई साल यानी 29 अप्रैल 2022 तक भ्रमण करेंगे। शनि के इस राशि परिवर्तन से तीन राशियों पर साढ़ेसाती की स्थिति बदलेगी, वहीं दो राशियों पर लघुकल्याणी ढैया में भी परिवर्तन आएगा।
वैदिक ज्योतिष के अनुसार शनि जिस राशि में भ्रमण करते हैं उस राशि के साथ-साथ अपने से दूसरी और बारहवीं राशि पर साढ़ेसाती का प्रभाव रहता है। वहीं गोचर में चंद्र राशि से शनि की चौथी और आठवीं स्थिति वाली राशियों पर लघुकल्याणी ढैया लगता है। 24 जनवरी को शनि के मकर राशि में प्रवेश करने से वृश्चिक राशि पर से साढ़ेसाती उतर आएगी। वहीं धनु राशि पर साढ़ेसाती का अंतिम ढैया चांदी के पाए से पैर पर प्रारंभ होगा। मकर राशि पर साढ़ेसाती का दूसरा ढैया स्वर्ण के पाए से हृदय पर प्रारंभ होगा और कुंभ राशि पर लोहे के पाए के साथ साढ़ेसाती का पहला ढैया मस्तक पर से प्रारंभ होगा। इनके अलावा वृषभ और कन्या राशि पर से लघुकल्याणी समाप्त हो जाएगा तथा मिथुन और तुला राशि पर लोहे के पाए के साथ लघु कल्याणी ढैया प्रारंभ हो जाएगा।
शनि का मीन पर प्रभाव
मीन राशि वालों के लिए शनि का राशि परिवर्तन ठीक-ठाक रहेगा। नौकरी धंधे में आशातीत लाभ होगा। पद-प्रतिष्ठा, सम्मान में वृद्धि होगी। अनेक साधनों से धन और संपत्ति प्राप्त होगी। भौतिक सुख-सुविधाओं में वृद्धि होगी। स्वास्थ्य में पिछले दिनों से चली आ रही परेशानियां दूर होंगी। हालांकि मित्रों या अपनों से आपको धोखा मिल सकता है, इसलिए अपनी विवेक बुद्धि का प्रयोग करते हुए किसी की मदद करें। संतान की चिंता रहेगी। धार्मिक यात्राओं में शामिल होंगे। परिवार में मांगलिक प्रसंग होंगे। इस वर्ष कोई ऐसा बड़ा शुभ कार्य होगा जो आपको जीवन की परेशानियों से दूर करेगा।