Saturn Horoscope 2020: मिथुन को कष्टों से मुक्ति मिलेगी
सूर्य पंचायत में न्यायाधीश के पद पर सुशोभित शनिदेव माघ मास की मौनी अमावस्या 24 जनवरी 2020 को उत्तराषाढ़ा नक्षत्र, वज्र योग और मकर राशि के चंद्रमा की साक्षी में सुबह 10 बजे मकर राशि में प्रवेश करेंगे। शनि देव इस राशि में ढाई साल यानी 29 अप्रैल 2022 तक भ्रमण करेंगे। शनि के इस राशि परिवर्तन से तीन राशियों पर साढ़ेसाती की स्थिति बदलेगी, वहीं दो राशियों पर लघुकल्याणी ढैया में भी परिवर्तन आएगा।
वैदिक ज्योतिष के अनुसार शनि जिस राशि में भ्रमण करते हैं उस राशि के साथ-साथ अपने से दूसरी और बारहवीं राशि पर साढ़ेसाती का प्रभाव रहता है। वहीं गोचर में चंद्र राशि से शनि की चौथी और आठवीं स्थिति वाली राशियों पर लघुकल्याणी ढैया लगता है। 24 जनवरी को शनि के मकर राशि में प्रवेश करने से वृश्चिक राशि पर से साढ़ेसाती उतर आएगी। वहीं धनु राशि पर साढ़ेसाती का अंतिम ढैया चांदी के पाए से पैर पर प्रारंभ होगा। मकर राशि पर साढ़ेसाती का दूसरा ढैया स्वर्ण के पाए से हृदय पर प्रारंभ होगा और कुंभ राशि पर लोहे के पाए के साथ साढ़ेसाती का पहला ढैया मस्तक पर से प्रारंभ होगा। इनके अलावा वृषभ और कन्या राशि पर से लघुकल्याणी समाप्त हो जाएगा तथा मिथुन और तुला राशि पर लोहे के पाए के साथ लघु कल्याणी ढैया प्रारंभ हो जाएगा।
शनि का मिथुन पर प्रभाव
इस राशि पर 24 जनवरी से शनि का लघुकल्याणी ढैया प्रारंभ हो रहा है। शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए यह ठीक नहीं है। व्यापार-व्यवसाय में हानि की आशंका है, इसलिए कार्य विस्तार से बचें, जो चल रहा है, उसे सावधानीपूर्वक और पूरी सजगता से करते रहिए। आपके भाग्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। मानसिक रूप से परेशान करने वाली कुछ घटनाएं जीवन में हो सकती हैं। हालांकि वर्ष के उत्तरार्ध में कुछ खुशखबरियां मिलेंगी। आर्थिक स्थिति में कुछ सुधार आएगा, मानसिक पीड़ाओं से मुक्ति मिलेगी। पारिवारिक जीवन में शांति और स्थिरता आएगी और आपके स्वास्थ्य में भी अनुकूलता बनेगी।